HomeTrendingवकील हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

वकील हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

-

पुलिस ने दोनों पैरों पर गोली मारी, एक लाख का इनामी था पकड़ा गया बदमाश


जालौन। कालपी बार संघ के अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता गयादीन अहिरवार हत्याकांड में फरार चल रहे बदमाश मोनू यादव उर्फ पवन यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

ये मुठभेड़ मंगलवार-बुधवार की देर रात करीब 2:45 बजे जोल्हूपुर-मदारीपुर के जंगल में हुई। पुलिस को देख बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके दोनों पर पैरों पर गोली मारी। जिसके बाद वो गिर गया। पुलिस ने उसे उठाकर जिला अस्पताल उरई में भर्ती कराया है। बदमाश मोनू पर मंगलवार को ही एक लाख रुपये का इनाम घोषित हुआ था।

एएसपी डॉक्टर ईशान सोनी के मुताबिक, पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि मोनू यादव कदौरा क्षेत्र के जंगल क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस ने जवाब में छह राउंड फायर कर उसे दबोच लिया।

जालौन के कालपी बार संघ अध्यक्ष गयादीन अहिरवार (70) को शनिवार रात कानपुर-झांसी हाईवे पर दुर्गा मंदिर चौराहे से कार सवार बदमाशों ने अगवा कर लिया था। रविवार सुबह कानपुर के सचेंडी इलाके में शव मिला था।

गयादीन को फोन कर केस की फाइल के बारे में बात करने के बहाने बुलाया गया था। वहीं से बदमाश उन्हें किडनैप कर उरई की ओर ले गए। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। जिस नंबर से उन्हें फोन किया गया, वह भी स्विच आॅफ हो गया था।

इस मामले में पुलिस ने रविवार रात 10:45 बजे कालपी के जोल्हूपर-मदारीपुर के जंगल में तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था। दो आरोपियों के पैर में गोली लगी। वहीं तीसरे को दौड़ाकर पकड़ा था। जबकि मोनू फरार चल रहा था। मोनू यादव की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

गयादीन अहिरवार जिला मुख्यालय से 35 किमी दूर कालपी कोतवाली के कागजीपुरा इलाके के रहने वाले थे। चौथी बार कालपी बार संघ के अध्यक्ष बने थे। 8 मई 2026 को हुए चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। 1981 से कालपी में सिविल और क्रिमिनल मामलों की वकालत कर रहे थे।

परिवार में पत्नी राजेश्वरी (68), तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा सौरभ (40) लखनऊ में काम करता है। छोटा बेटा हर्षमित्रा (30) कालपी में घर पर ही रहता है। एक बेटे गौरव मित्रा की 31 अक्टूबर 2025 को मौत हो गई थी। बड़ी बेटी संघ मित्रा और मणि मित्रा हैं। मणि की शादी हो चुकी है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts