परिजनों ने मंदिर के पुजारी समेत चार लोगों पर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया
हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 35 वर्षीय मंटू सिंह का शव मंगलवार रात पड़ोसी गांव कंजौरा में धान के खेत में मिला। उनके सिर और दाहिने कंधे पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बलनापुर गांव के रहने वाले मंटू सिंह खेती-किसानी करते थे। परिजनों के मुताबिक, वह 30 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली।
मंगलवार रात मंटू के चचेरे भाई अमरेश सिंह ने कंजौरा गांव के सुशील शुक्ला के धान के खेत में शव देखा। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। कासिमपुर थाना प्रभारी घनश्याम राम पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और जांच की।
मंटू के पिता उदय प्रताप सिंह ने पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति और मंदिर के पुजारी समेत चार लोगों पर नशे की हालत में मंटू से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अधिकारियों को घटना की जानकारी दी है। थाना प्रभारी घनश्याम राम ने बताया कि मंटू की गुमशुदगी दर्ज थी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
अमरेश सिंह ने बताया कि मंटू चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी करीब पांच साल पहले हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के बरहेखा गांव में हुई थी। शादी के करीब एक साल बाद उनका पत्नी से तलाक हो गया था। मंटू की मां बिटोली और पिता उदय प्रताप सिंह हैं।