HomeTrendingईंट लदा ट्रक एक्सप्रेस-वे से गिरा, चालक-क्लीनर जिंदा जले

ईंट लदा ट्रक एक्सप्रेस-वे से गिरा, चालक-क्लीनर जिंदा जले

-

बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा, मैनपुरी से झांसी जा रहा था वाहन, तीन घंटे बाद निकाले गए शव


जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर बुधवार (4 नवंबर) तड़के भीषण हादसा हो गया। मैनपुरी से ईंट लादकर झांसी जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही ट्रक में आग लग गई। हादसे में चालक और क्लीनर की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग इतनी विकराल थी कि दोनों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। करीब 3 घंटे तक चले रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद दोनों के जले हुए कंकाल ट्रक से बाहर निकाले जा सके। हादसा जालौन जिला मुख्यालय से 30 किलोमीटर की दूरी पर हुआ।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक मैनपुरी से ईंट लादकर झांसी की ओर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब 3 बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर संख्या 209.2 के पास चालक को झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित हो गया और एक्सप्रेस-वे से नीचे जा गिरा।

ट्रक के नीचे गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में सवार चालक और क्लीनर अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद ट्रक में लगी आग की लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक और क्लीनर को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। दोनों वाहन के अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। आग की भयावहता के चलते बचाव कार्य शुरू करने में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस और राहत-बचाव दल ने आग बुझाने के लिए मशक्कत शुरू की। करीब 3 घंटे के रेस्क्यू आॅपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद ट्रक के अंदर फंसे शव के अवशेष बाहर निकाले गए।

सीओ अजय कुमार के मुताबिक सुबह 9 बजे तक सिर्फ एक ही शव के अवशेष निकाले जा सके थे। दूसरे शव के अवशेष ढूंढे जा रहे हैं। ट्रक इतनी बुरी तरह जल चुका है कि कुछ भी पहचान नहीं हो पा रही है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शव बुरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुके थे।

सीओ के मुताबिक गाड़ी की पहचान की जा रही है। अबतक इतना ही पता चल पाया है कि गाड़ी एटा की थी। मैनपुरी से ईंट के ट्रक झांसी की ओर जाते हैं, इसलिए अनुमान लगाया जा रहा है कि वह गाड़ी मैनपुरी से झांसी की ओर जा रही थी। फिलहाल पुलिस टोल गेट से और चेसिस नंबर से गाड़ी की पहचान करने में जुटी हुई है। गाड़ी की पहचान होने पर ही तस्वीर साफ हो पाएगी।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts