मां, चाची, बड़े भाई और चालक समेत पांच लोग घायल
इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हरदासपुरा गांव के पास सोमवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने सामने से ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार पांच लोग घायल हो गए।
इनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल थे। जिला अस्पताल ले जाते समय 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां, चाची, बड़ा भाई और ई-रिक्शा चालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सिलायता गांव निवासी 25 वर्षीय रामबाबू पुत्र द्वारिका प्रसाद सोमवार शाम अपनी मां को बाइक से हुए हादसे के बाद उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आया था। इमरजेंसी में उपचार कराने के बाद रात करीब आठ बजे परिवार के लोग ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हरदासपुरा गांव के पास सामने से आए बेकाबू ट्रक ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही ई-रिक्शा में सवार सभी लोग घायल हो गए। हादसे में रामबाबू की हालत गंभीर हो गई। उसके बड़े भाई धीरज, मां और चाची को भी चोटें आईं। ई-रिक्शा चालक धर्मेंद्र पुत्र मेवाराम निवासी रूरा पिलुआ मंदिर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रामबाबू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई धीरज ने बताया कि शाम को मां का बाइक से एक्सीडेंट हो गया था। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर आए थे। उपचार के बाद सभी लोग ई-रिक्शा से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छोटे भाई रामबाबू की जान चली गई। मां, चाची और ई-रिक्शा चालक को भी चोटें आई हैं। रामबाबू एक प्राइवेट स्कूल में सफाई कर्मचारी के रूप में काम करता था।
ईएमओ डॉ. रवि कुमार ने बताया कि परिजन एक युवक को मृत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों के अनुसार, युवक ई-रिक्शा से घर जा रहा था, तभी ट्रक ने टक्कर मार दी। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। घायलों का उपचार किया जा रहा है और पुलिस को सूचना भेज दी गई है।