घर से 250 मीटर दूर सो रहा था, सिर पर ठोस वस्तु से हमला कर मार डाला
जौनपुर। युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वह रोज की तरह दुकान के सामने सो रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे किसी ने ठोस वस्तु से सिर पर हमला कर दिया। चिल्लाते ही हमलावर मौके से फरार हो गए। हमले में युवक घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह ग्रामीण युवक को उठाने पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक के पास खून के छींटे पड़े थे। ग्रामीण ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के पहुंचने से पहले ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला जिला मुख्यालय से 28 किलोमीटर दूर सिकरारा थाना क्षेत्र का है।
भभौरी गांव में उदय राज यादव (50) अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में मां उमा और भाभी अनीता साथ में रहती थीं। उदय राज चार भाई थे। उनके एक भाई की पहले ही हत्या हो चुकी है। दूसरा भाई मुंबई में रहता है, जबकि एक भाई काफी समय से लापता है। उनकी मां भी कुछ समय पहले ही वापस लौटी हैं। उदय राज मजदूरी कर अपना और परिवार का खर्च चलाते थे।
काठ गोदाम चौराहे के पास रात करीब 2 बजे अज्ञात लोगों ने उनके सिर पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं।
परिजनों के अनुसार, वह मानसिक रूप से कमजोर थे और लंबे समय से काठ गोदाम चौराहे के पास ही रहते और सोते थे। रविवार रात भी वह एक दुकान के सामने सोए हुए थे। इसी दौरान किसी ने उनके सिर पर ठोस वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
मृतक की मां उमा देवी ने बताया कि उदय राज बोरी ढोने का काम करते थे। मजदूरी से वह अपना खर्च चलाने के साथ मां की भी आर्थिक मदद करते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। उमा देवी के मुताबिक, लॉकडाउन के समय से ही उदय राज घर पर नहीं सोते थे और रोजाना दुकान के सामने ही सोते थे।
उमा देवी ने कहा कि बेटे की हत्या से परिवार में दुख है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। उन्होंने मांग की कि उनके बेटे की हत्या करने वालों का पता लगाया जाए और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की। पुलिस आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि उदय राज की हत्या ठोस वस्तु से हमला कर की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिवार की ओर से तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।