घर के सामने जमीन पर गिरा हुआ था तार, ग्रामीणों का पावर हाउस पर प्रदर्शन
बलिया। बैरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 16 मिजार्पुर में मंगलवार सुबह बिजली का तार टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आए 67 वर्षीय हृदय वर्मा की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब हृदय वर्मा अपने घर से बाहर निकले थे। घर के सामने से गुजर रहा बिजली का तार अचानक टूटकर जमीन पर गिर गया और उसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हालत में हैं और शिकायतों के बावजूद इन्हें नहीं बदला गया।
मृतक की मौत से नाराज सैकड़ों ग्रामीण बैरिया पावर हाउस पहुंच गए। उन्होंने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने, हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और वार्ड नंबर 16 मिजार्पुर समेत पूरे क्षेत्र में जर्जर बिजली तारों को तत्काल बदलने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बिजली के जर्जर तार लंबे समय से हादसे का खतरा बने हुए हैं। आरोप है कि कई बार तारों को बदलने की मांग की गई, लेकिन विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते तार बदल दिए जाते तो हादसे को टाला जा सकता था।
ग्रामीणों के प्रदर्शन की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक कुमार और थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने गुस्साए ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। बिजली विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है और जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ बैरिया आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे थाना बैरिया को सूचना मिली थी कि मिजार्पुर निवासी हृदयानंद वर्मा की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ के मुताबिक, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों और जिम्मेदारी की जांच की जा रही है।