लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर हुआ हादसा, पीजीआई से इलाज करवाकर लौट रहे थे
रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर चुरुवा गांव के पास एक कार खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता-पुत्र लखनऊ के एसजीपीजीआई अस्पताल से इलाज करवाकर घर लौट रहे थे।
यह घटना सोमवार की देर रात करीब 12:30 बजे हुई। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर टोल प्लाजा के पास एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिससे कार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
बछरावां के सुंदर नगर, लालगंज रोड निवासी विनय मिश्रा अपने पिता राधेश्याम मिश्रा (लगभग 60 वर्ष) को एसजीपीजीआई अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर वापस ला रहे थे। चुरुवा गांव के पास उनकी कार खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर के बाद कार में पिता-पुत्र फंस गए। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और काफी कोशिश के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला। राधेश्याम मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी।
घायल विनय मिश्रा को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतक राधेश्याम मिश्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।