ट्रक लोहे की रेलिंग तोड़ बिजली के खंभे से टकराया,ड्राइवर समेत दो की हालत गंभीर
प्रयागराज। सोमवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रतापगढ़ से प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रक ने नेशनल हाईवे की रेलिंग तोड़ दी। दूसरी पटरी पर पहुंचकर ट्रक ने एक पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद बेकाबू ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। मामला मऊआइमा थाना क्षेत्र में जोगापुर मंडी के पास का बताया जा रहा है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के जोगापुर मंडी के सामने एक ट्रक प्रतापगढ़ से प्रयागराज की ओर जा रहा था। तभी हादसा हो गया। जोगापुर मंडी के सामने पहुंचते ही ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने नेशनल हाईवे की रेलिंग तोड़ दी और दूसरी पटरी पर पहुंच गया। वहां उसने मुट्ठीगंज, प्रयागराज से गोरखपुर जा रही एक पिकअप को टक्कर मार दी।
इस टक्कर में पिकअप सवार सुधीर कुमार साहू (22), पुत्र स्वर्गीय फूलचंद साहू, निवासी पट्टी महरौदा, की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप में उनके साथ मौजूद खलासी कमलेश विश्वकर्मा, निवासी झूंसी, गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक महेंद्र यादव की हालत गंभीर है। वह आयोद्धा का रहने वाला है। वह ट्रक लेकर प्रयागराज जा रहा था।
टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। खंभे से निकली एक पाइप ट्रक में बैठे एक व्यक्ति के शरीर में धंस गई, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में मौजूद खलासी हादसे के बाद मौके से भाग गया।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक रेलिंग तोड़कर सड़क किनारे पहुंचा और बिजली के खंभे को भी नुकसान पहुंचाया। जोगापुर मंडी क्षेत्र में रात के समय भी अक्सर चहल-पहल रहती है। लोग सड़क किनारे चाय की दुकानों पर बैठते और बातें करते हैं। हादसे के समय ज्यादातर लोग अपने घरों में जा चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर यह दुर्घटना कुछ देर पहले हुई होती, तो कई और लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।