HomeTrendingभूसे से भरे ट्रेलर में लगी आग, एक घंटे बाद पाया काबू

भूसे से भरे ट्रेलर में लगी आग, एक घंटे बाद पाया काबू

-

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के नीचे हुआ हादसा, एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू


गाजियाबाद। लोनी के मंडोला क्षेत्र में सोमवार सुबह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे खड़े भूसे से भरे ट्रेलर में अचानक आग लग गई। ट्रेलर में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:45 बजे मंडोला में गैस एजेंसी के पास एक फैक्ट्री के सामने एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे कई दिनों से भूसे से भरा ट्रेलर खड़ा था। इसी दौरान ट्रेलर में आग लग गई। ट्रेलर में ट्रैक्टर नहीं जुड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही ट्रॉनिका सिटी फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

आग की लपटों को देखते हुए बागपत के खेकड़ा और साहिबाबाद फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। खेकड़ा से पहुंची दमकल की मदद से करीब 9:15 बजे आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, साहिबाबाद से रवाना की गई दमकल की गाड़ी को रास्ते से ही वापस कर दिया गया।

आग बुझने के बाद भी भूसे के नीचे दबे ट्रेलर के टायरों में आग सुलग रही थी। इसके बाद जेसीबी की मदद से भूसा हटाया गया और पानी डालकर आग को पूरी तरह बुझाया गया। करीब 10 बजे तक आग पूरी तरह शांत हो गई।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल सका है। ट्रेलर बागपत निवासी समीर का बताया गया है। आग के दौरान दमकल कर्मियों के साथ स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के बीम को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts