बुजुर्ग की हालत गंभीर, लोग बोले पात्र गरीब परिवार को नहीं मिला आवास
पीलीभीत। तेज बारिश अब गरीब परिवारों के लिए परेशानी बन गई है। कलीनगर तहसील की ग्राम पंचायत दोदपुर कल्लियां में सोमवार सुबह 8 बजे एक कच्चे मकान की कमजोर दीवार अचानक गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए।
गांव के बाबूराम पुत्र छबीलेलाल अपने परिवार के साथ घर के अंदर थे। इसी दौरान बारिश से कमजोर हुई दीवार अचानक गिर गई। हादसे में बाबूराम बुरी तरह घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी और तीन छोटे बच्चे भी मलबे में दब गए।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने काफी कोशिश के बाद मलबा हटाया और सभी को बाहर निकाला। गनीमत रही कि पत्नी और बच्चों को सिर्फ हल्की चोटें आईं। बुरी तरह घायल बाबूराम को ग्रामीणों की मदद से तुरंत अस्पताल भेजा गया है।
इस घटना से ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ की हकीकत सामने आ गई है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि बाबूराम का परिवार बहुत गरीब है। वे लंबे समय से इसी कच्चे मकान में खतरे के बीच रहने को मजबूर हैं। पात्र होने के बावजूद उन्हें अभी तक सरकारी आवास योजना का फायदा नहीं मिला। लोगों का कहना है कि अगर समय पर पक्का मकान मिल गया होता, तो यह हादसा रोका जा सकता था।
हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से तुरंत आर्थिक मदद, घायल बाबूराम के सही इलाज और जल्द से जल्द पक्का मकान देने की मांग की है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके के सभी कच्चे और कमजोर मकानों का तुरंत सर्वे कराया जाए। साथ ही, जरूरतमंदों को समय पर मदद दी जाए, ताकि इस बारिश के मौसम में भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।