आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, चालक-परिचालक फरार, दिल्ली से हमीरपुर जा रही थी बस
इटावा। आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर प्राइवेट डबल डेकर बस में आग लग गई। सिया देवी मेमोरियल हॉस्पिटल के सामने बस से आग की लपटें उठती देख करीब 40 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से बाहर निकलकर जान बचाई। यात्रियों का लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। बस दिल्ली से राठ जा रही थी।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। पुलिस, प्रशासन और दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने दो घंटे से अधिक मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यात्रियों ने जेवरात समेत लाखों रुपए का सामान जलने का दावा किया। आग बुझने के बाद वे जले सामान की तलाश करते नजर आए। हादसे के बाद ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में बस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि बस के अंदर रखा यात्रियों का सामान पूरी तरह जल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू कर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
आग पर काबू पाने के लिए मुख्यालय से दमकल की कई गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे से अधिक समय तक मशक्कत की, जिसके बाद आग बुझाई जा सकी। मौके पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह, कोतवाल, एसडीएम मनोज कुमार पाठक, थाना पुलिस, दमकल कर्मी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में यात्रियों को सुरक्षित बस से बाहर निकाला गया।
आग से प्रभावित यात्रियों ने बताया कि बस में उनका लाखों रुपए का सामान रखा था, जो पूरी तरह जल गया। कई यात्रियों ने दावा किया कि उनके सामान में सोने-चांदी के जेवरात और अन्य महत्वपूर्ण वस्तुएं भी थीं। आग बुझने के बाद यात्री बस के आसपास जले हुए सामान को तलाशते नजर आए। कुछ यात्री बस के अंदर से बचा हुआ सामान निकालने की कोशिश करते रहे।
दूसरे वाहनों से यात्रियों को भेजा गया
हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे वाहनों की व्यवस्था की गई। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में यात्रियों को सुरक्षित तरीके से रवाना कराया गया। घटना के बाद आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इससे हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
चालक और परिचालक मौके से फरार
घटना के बाद बस का चालक और परिचालक मौके से फरार बताए जा रहे हैं। सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के चलते बस में आग लगने की जानकारी सामने आई है। बस दिल्ली से राठ जा रही थी। हादसे में किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।