HomeEducation Newsशिक्षकों का सम्मान  : मेरठ कॉलेज में 48 प्रतिभाओं का सम्मान

शिक्षकों का सम्मान  : मेरठ कॉलेज में 48 प्रतिभाओं का सम्मान

-

राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला बोले—सचिन और लता मंगेशकर की तरह लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी


मेरठ। उत्तर प्रदेश के सबसे पुराने एवं ऐतिहासिक शिक्षण संस्थानों में शामिल मेरठ कॉलेज में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य शिक्षक सम्मान एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ पत्रकार राजीव शुक्ला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय टॉपर, कॉलेज टॉपर, मेधावी विद्यार्थियों तथा उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों सहित कुल 48 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि राजीव शुक्ला ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण देते हुए कहा कि महान खिलाड़ी बनने के बाद भी उन्होंने अभ्यास और सीखने की प्रक्रिया कभी नहीं छोड़ी। इसी प्रकार लता मंगेशकर ने अपने जीवन में साधना और समर्पण के माध्यम से संगीत को नई ऊंचाइयां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भीतर की प्रतिभा को पहचानें और परिस्थितियों की चिंता किए बिना निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान और शिक्षा की परंपरा का सम्मान है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में मेरठ कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। राजीव शुक्ला ने उन्हें सम्मान पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनकी दीर्घकालीन सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। प्रो केडी शर्मा, प्रो सुमंगल प्रकाश, प्रो एम बेंद्रे, प्रो अमरजीत मलिक, प्रो एके अग्रवाल इत्यादि शिक्षक सम्मानित किए गए।
वर्तमान सत्र में विश्वविद्यालय में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर गोल्ड मेडल हासिल करने वाले मेरठ कॉलेज के विद्यार्थियों को कॉलेज के सचिव विवेक कुमार गर्ग की ओर से 22 कैरेट का सोने का सिक्का प्रदान किया गया। वहीं अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये तथा सिल्वर मेडल प्राप्त विद्यार्थियों को 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।

डॉ. रामकुमार गुप्ता एवं  राहुल गुप्ता ने कॉलेज के सभी 29 विभागों के कॉलेज टॉपर विद्यार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से मेरठ कॉलेज के सभी विभागों के शिक्षकों को सम्मानस्वरूप उपहार प्रदान किए गए।

अध्यक्ष डॉ. ओपी अग्रवाल ने कहा कि मेरठ कॉलेज की परंपरा सदैव प्रतिभा को सम्मान और योग्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की रही है। शिक्षक और विद्यार्थी किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति हैं। कॉलेज भविष्य में भी मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन देता रहेगा।

सचिव  विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करना केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। मेरठ कॉलेज की गौरवशाली परंपरा को नई पीढ़ी की उपलब्धियों से और मजबूत किया जा रहा है।

प्राचार्य प्रो. युद्धवीर सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त शिक्षकों का सम्मान हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। विश्वविद्यालय एवं कॉलेज स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित कर कॉलेज ने यह संदेश दिया है कि मेहनत और प्रतिभा को सदैव पहचान मिलेगी।

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अनेक दानदाताओं ने एक लाख रुपये की धनराशि देकर विद्यार्थियों एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की स्थायी व्यवस्था में योगदान दिया है। इस राशि से प्राप्त ब्याज से प्रतिवर्ष पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है।

कार्यक्रम में मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के प्रमुख कार्यकारी सदस्यों श्री अंकुर जैन, श्री जयवीर सिंह, श्री पीयूष कुमार दुबलिश, डॉ. एसपी देशवाल एवं श्री संजीवेश्वर प्रकाश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और उन्होंने शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संयुक्त संचालन प्रो. अनीता मोरल एवं प्रो. अल्पना रस्तोगी ने किया। समस्त कार्यक्रम का संचालन प्रो. वाचस्पति मिश्रा की निगरानी में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में प्रो. अनिल राठी, प्रो. मनोज, डॉ. रचना, डॉ. सीमा गोयल, डॉ. पंजाब, डॉ. संदीप एवं डॉ. चंद्रशेखर भारद्वाज का विशेष योगदान रहा। अंत में कॉलेज की डीन प्रो. सीमा पंवार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

[td_block_social_counter custom_title="Stay Connected" block_template_id="td_block_template_4" header_color="#ea2e2e" f_header_font_family="522" f_header_font_transform="uppercase" f_header_font_style="italic" f_header_font_size="eyJsYW5kc2NhcGUiOiIxNSIsInBvcnRyYWl0IjoiMTQifQ==" youtube="#" style="style10 td-social-boxed td-social-colored" tdc_css="eyJwaG9uZSI6eyJtYXJnaW4tYm90dG9tIjoiMzIiLCJkaXNwbGF5IjoiIn0sInBob25lX21heF93aWR0aCI6NzY3fQ==" facebook="#" manual_count_facebook="14000" manual_count_youtube="6000"]

Latest posts