पैर में पुलिस की गोली लगने से घायल, अस्पताल में भर्ती, जांच जारी
बागपत। शहर कोतवाली पुलिस ने गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि एक जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
निरोजपुर गुर्जर गांव में गुरुवार को खालिद पर जानलेवा हमला हुआ था। खालिद को गोली लगी थी और उसका इलाज सोनीपत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
पुलिस टीम रात में चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर संदिग्ध व्यक्ति आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, तो चालक ने बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी आरिष पुत्र मौजूदिन को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी आरिष को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस निरोजपुर गुर्जर गांव में हुई फायरिंग के मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों और उसके साथियों की तलाश कर रही है। कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।