थाने पर सैकड़ों ग्रामीण जमा हुए, पुलिस ने भीड़ हटाई, पुलिस तैनात
बुलंदशहर। औरंगाबाद के मुड़ी बकापुर गांव से संदिग्ध हालात में अगवा हुई लड़की को गुरुवार देर शाम पुलिस ने ढूंढ निकाला है। लड़की के मिलने की खबर फैलते ही दोनों पक्षों के सैकड़ों ग्रामीण थाने पहुंच गए। थाने पर भारी भीड़ जमा होने और दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से तनाव बढ़ गया।
हालात की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर और हल्का बल प्रयोग कर थाने से बाहर निकाला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांव में शांति बनाए रखने के लिए सावधानी के तौर पर पुलिस बल तैनात है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह मामला काफी संवेदनशील है। लड़की को मेडिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है। इसके बाद अदालत में उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। लड़की अपने बयानों में जो भी बताएगी, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी मनोज कुमार यादव ने बताया, ‘लड़की को देर शाम सुरक्षित ढूंढ लिया गया है। फिलहाल दोनों पक्षों को थाने से हटाकर शांति व्यवस्था बना दी गई है। लड़की के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। बयानों के आधार पर जो भी जानकारी सामने आएगी, उसी के अनुसार निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’