गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा, मां और भाई गंभीर रूप से घायल
अमरोहा। गजरौला थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 9 पर मंगलवार सुबह लगभग 5 बजे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसकी मां और छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक की पहचान फैसल के रूप में हुई है। उसके पिता इंतजार अली ने बताया कि फैसल अपनी मां नरगिस और छोटे भाई रिहान के साथ दवाई लेने मेरठ जा रहा था। गजरौला हाईवे पर केएफसी रेस्टोरेंट के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी।
दुर्घटना में फैसल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। नरगिस और रिहान गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजरौला ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने फैसल को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद नरगिस और रिहान को अमरोहा के हायर सेंटर रेफर किया गया है। गजरौला थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस ने फैसल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।