मेरठ। मेरठ शहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कमल दत्त शर्मा द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शहर विधानसभा के अग्रसेन भवन, रेलवे चौराहा, मेरठ में भव्य रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में बहनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेरठ-हापुड़ लोकसभा सांसद अरुण गोविल एवं उनकी धर्मपत्नी चंद्रलेखा गोविल जी रहे। कार्यक्रम का उद्घाटन राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी जी ने किया।
कार्यक्रम में दीप प्रज्वलन पूर्व राज्य सभा सांसद कांता कर्दम, महापौर हरिकांत अहलूवालिया , अमित अग्रवाल मेरठ कैंट विधायक, सरोजनी अग्रवाल, एमएलसी, सुरेश जैन ऋतुराज, नरेंद्र उपाध्यायएवं वर्षा कौशिक द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद अरुण गोविल ने कार्यक्रम के आयोजक कमल दत्त शर्मा सहित उपस्थित सभी बहनों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और स्नेह का पवित्र पर्व है, जो हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करता है।
इस अवसर पर भावपूर्ण भाई-बहन के रिश्ते की मिसाल देखने को मिली। कमल दत्त शर्मा की धर्मपत्नी रूप शर्मा जी ने सांसद अरुण गोविल को राखी बांधी, वहीं सांसद अरुण गोविल की धर्मपत्नी चंद्रलेखा गोविल ने कमल दत्त शर्मा की कलाई पर राखी बांधी। इस आत्मीय क्षण ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।



