मारपीट में दो घायल, चार पर हुई एफआईआर, दूसरे पक्ष ने भी लगाया झगड़े का आरोप
संभल। आढ़ौल गांव में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे साउंड और भंडारे के आयोजन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। सोमवार शाम हुए विवाद में मारपीट के दौरान दो लोग घायल हो गए। सैनी समुदाय की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत देकर विवाद की अलग वजह बताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आढ़ौल निवासी प्रेमपाल सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम करीब 6 बजे उनका बेटा बॉबी एक साथी के साथ हयातनगर से दवाई लेकर घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के करीब 15 लोगों ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे। बॉबी ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट का प्रयास किया गया। किसी तरह वहां से बचकर बॉबी घर पहुंचा।
आरोप है कि कुछ देर बाद दूसरे पक्ष के लोग बॉबी के घर में घुस आए। उन्होंने वहां गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लात-घूंसों से मारपीट की गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने चदायन पुलिस चौकी में शिकायत की। वहां कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए थाना प्रभारी को शिकायती पत्र दिया गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों घायलों को संभल जिला अस्पताल भेजकर स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार कराया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दूसरे पक्ष के लोगों ने दोबारा विवाद शुरू कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं, दूसरे पक्ष के रविशंकर ने बताया कि उनकी ओर से 21 लोगों ने थाना पुलिस को शिकायत दी है। उनका आरोप है कि सावन के पहले सोमवार को डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों में बहस हुई थी। बॉबी पक्ष के लोगों ने डीजे सही बजाने पर 5 हजार रुपये का इनाम देने की बात कही थी। रविशंकर के मुताबिक, इस दौरान उनके पक्ष के लोग प्रतियोगिता में हार गए और तभी से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।
रविशंकर ने आरोप लगाया कि कांवड़ियों के आने पर गांव में भंडारे का आयोजन किया गया था, तब भी विवाद हुआ। इसके बाद बीते सोमवार को चंद्रेश्वर महादेव मंदिर पर भंडारे के दौरान भी झगड़ा किया गया। उनका कहना है कि इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है।
थाना प्रभारी संजीव कुमार बालियान ने बुधवार को बताया कि आढ़ौल गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। मारपीट में दो युवक घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बॉबी पक्ष की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। दूसरे पक्ष की शिकायत और लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।