पड़ोसी ने 15 दिन में कई बार की वारदात, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
बुलंदशहर। स्याना कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता की उम्र लगभग 17 वर्ष है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने पिछले 15 दिनों में किशोरी के साथ कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता को डरा-धमकाकर वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल में बना लिया, जिसे पुलिस को सौंपा गया है।
पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उसके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राम नारायण सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी सिंह ने यह भी बताया कि पीड़िता के पास मौजूद मोबाइल वीडियो को साक्ष्य के रूप में जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच कराई जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे मामलों में पीड़िता की पहचान उजागर न की जाए। इस घटना के बाद क्षेत्र में ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह ने बताया कि आज पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा जाएगा आरोपी पुलिस हिरासत में है।