छोटी बेटी ने भागकर जान बचाई, बेटा नहीं होने पर झगड़ा करता था
गाजियाबाद। बेटा नहीं होने से नाराज 45 साल के बाप ने पत्नी और बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने छोटी बेटी पर चाकू से हमला किया, उसने घर के बाहर भागकर अपनी जान बचाई। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जैसे-तैसे आरोपी को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी।
वारदात शुक्रवार रात 12 बजे खोड़ा थाना क्षेत्र की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को हिरासत में ले लिया। जबकि पत्नी तबुस्सुम (35 साल) और 15 साल की बेटी सना के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। छोटी बेटी जख्मी हो गई थी, उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। आरोपी मूलरूप से बिहार के अररिया का रहने वाला है। वह दिल्ली की मंडी में मुंशी का काम करता है। लोकप्रिय विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है।
पुलिस ने बताया कि शुरूआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी किचन से चाकू उठा लाया। उसने पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए। बड़ी बेटी बचाने आई तो उस पर भी हमला कर दिया। दोनों खून से लथपथ होकर वहीं गिर गईं। 14 साल की छोटी बेटी बचाने आई तो आरोपी उसके पीछे भी चाकू लेकर दौड़ा। वह चीखते हुए घर के बाहर आई।
उसने चीखते हुए कहा कि अब्बू ने अम्मी और बहन को चाकू मार दिया है। इसके बाद पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के बाद फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से सबूत जुटाए।
पड़ोसियों ने बताया कि राजा अंसारी दसवीं तक पढ़ा है। अक्सर नशा करता है। उसका स्वभाव गुस्सैल है। उसका बेटा नहीं है इसलिए वो अक्सर घर में पत्नी से झगड़ा करता था। लोगों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह उनकी बात मानने को तैयार नहीं था।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने कहा कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घायल छोटी बेटी को एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पड़ोसी बाबू खान के अनुसार राजा अंसारी के परिवार के लोग बहुत कम घर से बाहर निकलते थे। लोगों से उनका कम मिलना जुलना था। शनिवार रात करीब 12 बजे राजा के राजा के घर से चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। थोड़ी देर बाद पुलिस वहां पहुंची। पुलिस के साथ वह भी राजा के घर पहुंचे। अंदर देखा तो राजा की पत्नी का शव कमरे में फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटी की लाश बाथरूम में थी। महिला के गर्दन और पेट पर चाकू के वार के निशान थे। शव से खून बह रहा था। परिवार में विवाद किस बात को लेकर हुआ, इसकी जानकारी नहीं है। घटना में घायल हुई बेटी ही इस बारे में बता सकती है।