खेत जाते समय रास्ते में रोका, विरोध करने पर कपड़े फाड़े, वीडियो वायरल
सहारनपुर। बिहारीगढ़ क्षेत्र के ताल्हापुर गांव में नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में शुक्रवार को एक और वीडियो सामने आया। इसमें भीड़ के बीच छेड़छाड़ के आरोपी युवक को पीड़िता से चप्पलों से पिटवाते हुए दिखाया गया है। वीडियो में आरोपी पिटाई के बाद पीड़िता के पैरों में लेटकर माफी मांगता नजर आ रहा है।
इससे पहले भी आरोपी की पिटाई कर उसे जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाने का वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की मां के मुताबिक, उसकी 14 साल की बेटी 17 अगस्त को छोटे भाई-बहनों के साथ ताल्हापुर-समसपुर के जंगल में पशुओं के लिए घास काटने गई थी। दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच किशोरी शौच के लिए गन्ने के खेत में गई। आरोप है कि इसी दौरान समसपुर निवासी जयपाल सैनी वहां पहुंचा और किशोरी को पकड़ लिया।
शिकायत के मुताबिक, किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की। शोर मचाने पर किशोरी के छोटे भाई मौके पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें गन्ने से डराकर वहां से भगा दिया।
इसके बाद किशोरी के भाइयों ने खेत में काम कर रहे लोगों को बुलाया। उनके आने की जानकारी होने पर आरोपी वहां से भाग गया। परिवार का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने धमकी भी दी।
घटना के अगले दिन 18 अगस्त को गांव के कुछ युवकों ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोप है कि उसकी पिटाई करने के बाद गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर गांव में घुमाया गया। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मारपीट करने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। इसके बाद पीड़िता के परिजन और ग्रामीण भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार को सामने आए दूसरे वीडियो में आरोपी भीड़ के बीच जमीन पर बैठा दिखाई दे रहा है। वीडियो में पीड़िता उसे चप्पलों से मारती नजर आती है। सामने आई जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने आरोपी को 19 चप्पलें मारीं। इसके बाद आरोपी करीब 33 सेकंड तक पीड़िता के पैरों में लेटा रहा और माफी मांगता दिखाई दिया।
पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी के बजाय उनके पक्ष के लोगों को हिरासत में बैठा दिया। उनका कहना है कि आरोपी थाने से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल किया गया है। पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।