50 लाख की ज्वेलरी और कारतूस बरामद, आरोपी पर 12 से अधिक मुकदमें दर्ज
गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर नकबजन के बीच हुई मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से चोरी किए गए लगभग 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, एक अवैध तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एसीपी लोनी राम किशन राना के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की रात लोनी के गिरि मार्केट निवासी अंकित गुप्ता के घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात उड़ा लिए थे। पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे पुलिस निठोरा अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी बैग लेकर मोटरसाइकिल से निठोरा की तरफ आ रहा है। जब पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी बाइक तेजी से भगाकर भागने लगा।
पुलिस टीम के पीछा करने पर बदमाश की बाइक फिसल गई। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
घायल बदमाश की पहचान सचिन (28 वर्ष), निवासी डबल टंकी के पास, रूपनगर, लोनी के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के लिए उसे अस्पताल भेजा गया है। पूछताछ में सामने आया कि सचिन पर कमिश्नरेट गाजियाबाद के विभिन्न थानों में नकबजनी, चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।