मारपीट के बाद बहन को ससुराल से लेकर लौट रहा था भाई
बुलंदशहर। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात करीब 12 बजे एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय भाई बहन को ससुराल से लेकर घर लौट रहा था। बहन ने भाई को फोन पर जानकारी दी थी कि पति ने उससे मारपीट की और घर से निकाल दिया। सूचना पर भाई नोएड़ा से बहन के ससुराल पहुंचा और उसे मायके अहमदगढ़ छोड़ने आ रहा था।
राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। हादसे में फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फूटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
अहमदगढ़ थानाक्षेत्र के करकौरा महाराजपुर गांव निवासी हिमांशु उर्फ तनु (30) की शादी 2018 में गौतमबुद्ध नगर के रबुपुरा थाना क्षेत्र के आकलपुर गांव में टिंकू भाटी से हुई थी। हिमांशु का एक बेटा बिट्टू(2), एक बेटी वैष्णवी (4) है। पति टिंकू भाटी नोएडा में प्राइवेट कंपनी में काम करता है।
हिमांशु ने सोमवार रात करीब 8 बजे फोन कर भाई केशव को फोन पर जानकारी दी थी कि उसके पति ने हिमांशु के साथ मारपीट की थी और उसे घर से निकाल दिया था। भाई केशव (20) भी नोएडा में एसी की कंपनी में काम करता है। बहन से सूचना मिलने पर वह नोएडा से बहन के ससुराल आकलपुर पहुंचा।
वहां से बहन को लेकर बाइक पर घर के लिए निकला। रास्ते में अहमदगढ़ से 5 किलोमीटर दूर मेरठ-बदायूं रोड पर नौरंगाबाद के पास रात करीब 12 बजे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में केशव और हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई।
करीब 1 बजे राहगीर ने पुलिस को हादसे सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फूटेज खंगालनी शुरू कर दी।
भाई-बहन की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के चाचा रामकेश ने बताया कि टिंकू के किसी महिला से अवैध संबंध थे। इसको लेकर भतीजी के साथ आए दिन मारपीट और गाली-गलौज करता था। एक साल पहले भी भतीजी के साथ टिंकू ने मारपीट की थी। इसकी सूचना थाना रबूपुरा में गई थी। बाद में ग्रामीणों के फैसले के बाद दोनों में समझौता हो गया था। जिसके बाद भतीजी ससुराल में रहने लगी थी। लेकिन पति की आदतें नहीं बदली।