टोल न देने व मारपीट करने पर 25 वाहनों के खिलाफ मुकदमा
प्रयागराज: माफिया अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद उमर के काफिले की गाड़ियों के नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स न देने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर जयप्रकाश यादव ने नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 25 वाहनों के खिलाफ नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
8 अगस्त को एनएच 19 पर स्थित नवाबगंज टोल प्लाजा पर लगे बैरियर पर कंप्यूटर आॅपरेटर अजीत और हेल्पर अंशुमन शुक्ला तैनात थे। इस दौरान 3:50 बजे टोल बूथ नंबर तीन पर उमर अहमद पुत्र अतीक अहमद को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ जेल से पुलिस एस्कॉर्ट में लाया जा रहा था।
सरकारी वाहनों के बाद कई वाहन पीछे साथ में गुजरे। जिसमें सफेद महिंद्रा एक्सयूवी नंबर ब्लैक रंग की क्रेटा और उसके पीछे चल रहे 25 से 30 वाहनों ने बगैर टोल दिए, तेज रफ्तार टोल प्लाजा बूम बैरियर को तोड़कर निकलने लगे।
टोल कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वाहनों में बैठे लोगों द्वारा टोलकर्मियों को गालियां दी गईं और धमकी दी गई। टोल कर्मियों पर वहां वाहन चढ़ाने का भी प्रयास किया गया, जिससे उन्होंने पीछे हटकर अपनी जान बचाई।
टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर ने दर्जनों गाड़ियों के नंबर एफआईआर में दिए हैं, जिन्होंने टोल टैक्स अदा नहीं किया। एफआईआर में कहा गया है कि सरकारी बैरियर को नुकसान पहुंचाने के साथ ही राजस्व का भी नुकसान हुआ है। नवाबगंज टोल प्लाजा के असिस्टेंट मैनेजर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर नवाबगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस एफआईआर में दर्ज वाहनों के नंबर के आधार पर आगे कार्रवाई करेगी।
गौरतलब है कि हाल ही में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे की मौत हो गई थी। डिवाइडर से कार टकराने की वजह से ये हादसा हुआ था। वह जेल में बंद बड़े भाई से मिलने जा रहा था। अबान अहमद, अतीक का सबसे छोटा बेटा था। अबान अहमद की तेज रफ्तार कार झांसी-कानपुर हाईवे पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।