बिजनौर। नूरपुर रोड स्थित सोटियों के बाग में 82 वर्षीय अनिल कुमार सोती की गला घोंटकर हत्या के चार दिन बाद भी पुलिस किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। पुलिस की कई टीमें हत्या का खुलासा करने में जुटी हैं। अब तक नूरपुर रोड और बिजनौर-मुरादाबाद स्टेट हाईवे के आसपास लगे तीन दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है।
पुलिस बाग में आने-जाने वाले वाहनों और संदिग्ध लोगों की पहचान करने के साथ नामजद आरोपियों और मृतक के करीबियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाली जा रही है।
अनिल कुमार सोती शहर कोतवाली क्षेत्र में नूरपुर मार्ग स्थित करीब 28 बीघा के बाग में बनी कोठी में अकेले रहते थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उनका शव कोठी के अंदर पड़ा मिला था। शरीर पर चोट के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित कीं। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लगातार देख रही है। खासतौर पर घटना के समय बाग की ओर आने-जाने वाले वाहनों की पहचान की जा रही है।
मृतक के भांजे आलोक शर्मा निवासी दिल्ली ने शहर कोतवाली में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद के कारण अनिल कुमार सोती को कुछ लोगों से जान का खतरा था। आलोक के मुताबिक, इस संबंध में पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की गई थी।
उन्होंने मृतक के भतीजे गौरव सोती, शैलेंद्र खन्ना, सुनील खन्ना और नावेद आढ़ती पर साजिश रचकर हत्या कराने का आरोप लगाया है। जमीन विवाद से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।