पंखे का प्लग निकालते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे नब्बा सिंह का पुरवा गांव में मंगलवार सुबह करंट लगने से एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मृत्यु हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय हुबलाल गौतम की पत्नी फूल दुलारी के रूप में हुई है।
यह हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब फूल दुलारी अपने घर में बिजली के बोर्ड से पंखे का प्लग निकाल रही थीं। इसी दौरान खंभे से जुड़ा लोहे का सेफ्टी तार करंट की चपेट में था। तार छूते ही वह करंट की चपेट में आ गईं और उससे चिपक गईं। परिजनों और पड़ोसियों के पहुंचने तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
बताया गया कि फूल दुलारी अपने 7 वर्षीय नाती अभय के साथ घर में रहती थीं। उनका बेटा संतोष अपनी पत्नी के साथ शहर में रहता है। घटना के समय घर में कोई अन्य बड़ा व्यक्ति मौजूद नहीं था।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले 12 सालों से बिजली का पोल मृतका के घर के बगल में लगे बबूल के पेड़ से टिका हुआ था। इसी पोल से सेफ्टी तार महिला के घर तक गया था। ग्रामीणों के अनुसार, इसी सेफ्टी तार में करंट उतर आने के कारण यह हादसा हुआ। उनका यह भी कहना है कि यदि समय रहते पोल को सही जगह लगाया जाता तो महिला की जान बच सकती थी।
गदागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।