खेत में टूटे तार की चपेट में आईं भैंसें और गाय, विभाग पर लापरवाही का आरोप
हमीरपुर। मुस्करा ब्लॉक क्षेत्र में जर्जर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से चार मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तार अक्सर टूटकर गिरते रहते हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई जाती।
मामला मुस्करा थाना क्षेत्र के गुंदेला गांव का है। शनिवार सुबह लगभग 9 बजे लिलहरा नाले के पास जहां हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में पड़ा था। इसी दौरान रोज की तरह मान सिंह अपनी भैंसों को चराने खेत की ओर गए। चरते-चरते उनकी तीनों भैंसें टूटे हुए बिजली के तार की चपेट में आ गईं और करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव के ही गोविंद द्विवेदी की एक गाय भी करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी भी तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि हाईटेंशन लाइन काफी समय से जर्जर हालत में है और उसके तार अक्सर टूटकर गिरते रहते हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उनका कहना है कि इस समय खेतों में काम कम होने के कारण जनहानि नहीं हुई, लेकिन खेती के सीजन में ऐसी लापरवाही किसी की जान भी ले सकती है।