HomeTrendingभांजे की हत्या के बाद बहन ने भी तोड़ा दम

भांजे की हत्या के बाद बहन ने भी तोड़ा दम

-

 फरार मामा की तलाश में पुलिस की दबिश, मामा ने बहन और भांजे को मारी थी गोली


बदायूं। कादरचौक थाना क्षेत्र के बखतपुर गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। बुधवार रात मामा ने पहले अपने भांजे को गोली मार दी और बेटे को बचाने आई बहन पर भी फायरिंग कर दी। भांजे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल बहन ने शुक्रवार रात सैफई मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी वारदात के बाद से फरार है।

बुधवार रात करीब 11 बजे गांव निवासी 25 वर्षीय आकाश अपने मामा वीरसिंह के साथ घर के बाहर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। विवाद बढ़ने पर आकाश घर से लाठी उठा लाया। इसके बाद वीरसिंह वहां से चला गया, लेकिन कुछ ही देर में तमंचा लेकर वापस लौटा और आकाश पर फायर कर दिया।

गोली आकाश के सीने में लगी, जिससे वह घर के दरवाजे पर ही गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण जब तक उसे संभाल पाते, उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आकाश की मां संतोषी बेटे को बचाने के लिए दौड़ीं। इस दौरान आरोपी वीरसिंह ने उन पर भी फायर कर दिया। गोली लगने से संतोषी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तमंचा लेकर मौके से फरार हो गया।

सूचना पर एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आकाश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि घायल संतोषी को पहले राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां शुक्रवार रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी वीरसिंह के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

14,000FansLike
6,000SubscribersSubscribe

Latest posts