खुद की शादी में शराब पीकर पहुंचा दूल्हा, लड़की पक्ष से बुलेट मांगते हुए की बदसलूकी
मुजफ्फरनगर। शादी की रस्मों के बीच दूल्हा शराब के नशे में मंडप तक पहुंचा। शादी में पहुंचे लोगों के बीच हंगामा शुरू कर दिया। दूल्हे की इस हरकत को देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ मना कर दिया। लोगों ने बताया कि बारात का स्वागत बेहद धूमधाम से हुआ और जयमाला की रस्म भी शांतिपूर्ण तरीके से खत्म हो गई थी।
फेरों की तैयारी के बीच दूल्हा अपने दोस्तों के साथ शराब पीकर पहुंच गया। वह मंडप में पहुंचते ही लड़खड़ाने लगा। मौजूद मेहमानों व लड़की पक्ष के लोगों से अपशब्द कहने शुरू कर दिए। दूल्हे को इस हालत में देखकर दुल्हन ने तुरंत शादी रोकने का फैसला किया। परिजनों ने दूल्हे और उसके परिवार को समझाने का प्रयास किया।
लेकिन दुल्हन ने अपना फैसला नहीं बदला। उसने कहा कि वह ऐसे गैर-जिम्मेदार व्यक्ति के साथ अपनी जिंदगी नहीं बिता सकती। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी सूचित किया गया। दोनों पक्षों में बातचीत के बाद बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा। मामला सोमवार रात फुगाना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
टांडा माजरा गांव में सोमवार रात एक शादी समारोह उस समय हंगामे और विवाद में बदल गया, जब लड़की पक्ष ने दूल्हे की हरकतों और दहेज की मांग से तंग आकर शादी करने से साफ इनकार कर दिया। बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
फुगाना थाना क्षेत्र के डूंगर गांव निवासी मगेराम का पुत्र शिवम बारात लेकर टांडा माजरा गांव पहुंचा था। लड़की पक्ष का आरोप है कि दूल्हा शिवम अत्यधिक शराब के नशे में था और अपने होश खो बैठा था। जब उसे पता चला कि दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिल रही है, तो उसने शादी समारोह में ही जमकर हंगामा शुरू कर दिया। लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे की इस हालत का एक वीडियो भी बना लिया, जो अब सामने आया है।
लड़का बुलेट की करता था मांग
लड़की के पिता शरदमल ने बताया कि उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार बेटी की शादी की तैयारियों पर करीब सात लाख रुपये खर्च किए थे। लेकिन बुलेट मोटरसाइकिल देने में असमर्थता जताने पर दूल्हा पक्ष विवाद पर उतारू हो गया। पीड़ित पिता ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि दूल्हा पक्ष के एक युवक ने विरोध करने पर तमंचा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
लड़की ने शादी से किया इनकार
लड़की ने बताया है लड़के ने दारू पी रखी थी मेरे पापा के साथ बदतमीजी करी है मे दारू पीने वाले लड़की के साथ शादी क्यों करूंगी मैं सभी को यही कहूंगी कोई भी लड़की दारू पीने वाले लड़के से शादी ना करें।
दूल्हा पूरी तरह से शराब के नशे में था
दभेड़ी चौकी प्रभारी छविकांत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दूल्हा पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था। हालांकि, उन्होंने मौके पर फायरिंग होने की घटना से इनकार किया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि लड़की पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की गहनता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।