रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसा, एक दिन पहले घर से निकले थे
फतेहपुर। एक वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना राधानगर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय हुई। पुलिस ने सोमवार सुबह 7 बजे शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामलाल साहू के रूप में हुई है। वह गाजीपुर थाना क्षेत्र के अयाह गांव के निवासी थे और पिछले कई वर्षों से राधानगर थाना क्षेत्र के एकता नगर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। परिजनों ने बताया कि रामलाल साहू रविवार शाम को घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी काफी तलाश की, पर उनका कोई पता नहीं चल सका था।
सोमवार सुबह एकता नगर के पास रेलवे ट्रैक पर एक वृद्ध का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रामलाल साहू के तौर पर की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेलवे लाइन पार करते समय अचानक ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के पुत्र संदीप ने पुष्टि की है कि उनके पिता की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।