पैर फेंकने जा रहा था, हाथ और कमर के हिस्से को पहले ही फेंक चुका था, पुलिस ने गोली मारकर पकड़ा
जौनपुर। व्हाट्सएप चैट नहीं दिखाने पर युवक ने अपनी शादीशुदा गर्लफ्रैंड की गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गड़ासे तीन टुकड़ों में काटा। हाथ और कमर के निचले हिस्से को ब्लैक पॉलीथिन में भरकर दो अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों में बड़ी पॉलीथिन देखी तो उन्हें शक हुआ। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पॉलीथिन खोली। जिसमें महिला की कमर का ऊपरी हिस्सा पड़ा था। जबकि आसपास तलाशी ली गई तो करीब एक किमी दूर उसके दोनों हाथ पड़े मिले। जबकि पैर का हिस्सा गायब था। पुलिस ने दोनों धड़ कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू की।
रविवार की देर रात आरोपी पैर के टुकड़े पॉलिथीन में भरकर फेंकने जा रहा था, तभी पुलिस ने रात करीब साढ़े 12 बजे उसकी घेराबंदी कर ललकारा। खुद को घिरता देख उसने फायरिंग कर दी। जिसके बाद पुलिस ने मुठभेड़ में उसके पैर पर गोली मारकर पकड़ लिया। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। उसके पास से गड़ासा और तमंचा बरामद हुआ है। वारदात मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र का है।
गुजरात के भावनगर जिले का रहने वाला हेमल खखरिया उर्फ दिलीप (42) पुत्र भूपेंद्र भाई खखरिया मड़ियाहूं कस्बे की टीचर्स कॉलोनी में किराए पर कमरा लेकर रहता था। दो महीने पहले उसकी मुलाकात वाराणसी के राजातालाब के गांव केवलीपुर की रहने वाली रेशमा खातून उर्फ सना(38) से हुई थी। दोनों ने नंबर एक्सचेंज किए। इसके बाद रेशमा दिलीप से बात करने लगी।
मड़ियाहूं के सीओ विजय चौधरी ने बताया- महिला ने दिलीप से जॉब दिलवाने की बात कही। जिसपर उसने उसे अपने पास मड़ियाहूं बुला लिया और दोनों साथ रहने लगे। उसने उसकी मड़ियाहूं में 18 हजार सैलरी पर एक निजी कंपनी में जॉब लगवा दी। इस बीच रेशमा अपने घर भी आती जाती रही।
रेशमा एक हफ्ते पहले अपने घर गई थी। शनिवार की शाम को वो मड़ियाहूं अपने पैसे लेने के बहाने आई। वो दिलीप के कमरे में पहुंची। जहां दिलीप और रेशमा ने खाना खाया। इसके बाद दिलीप ने रेशमा से उसका मोबाइल मांगा। कहने लगा कि उसकी वाट्सऐप चैट देखनी है। उसे शक था कि रेश्मा किसी और से भी बात करती है।
पूछताछ में पता चला कि रेशमा ने वाट्सऐप चैट दिखाने से इंकार कर दिया। इसी बात पर दोनों में झगड़ा होने लगा। इसी दौरान रात करीब नौ बजे गुस्से में दिलीप ने किचन में रखी चाकू से रेशमा का गला रेत दिया। इसके बाद वो शव को ठिकाने लगाने के लिए मार्केट गया और वहां से गड़ासा और ब्लैक पॉलिथीन खरीदकर लाया।
गड़ासे से शव के तीन टुकड़े किए। दोनों हाथ काटे। इसके बाद कमर से धड़ को अलग कर दिया। पैर वाला हिस्सा अलग किया। रात के अंधेरे में उसने कमर के ऊपरी हिस्से को उठाकर कमरे से करीब दो किमी दूर रानीपुर बाईपास के पास सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक आया। इसके बाद दोनों हाथ पालिथीन में डालकर करीब 4 किमी दूर रामनगर पुलिया के पास फेंक आया।
पुलिस द्वारा शव की शिनाख्त की कार्रवाई शुरू होने की जानकारी मिलने पर वह बचे हुए अंगों को हटाने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर जानलेवा हमला और अवैध असलहा रखने समेत अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों देखे टुकड़े
रानीपुर बाईपास पर मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने झाड़ियों में बड़े आकार की काले रंग की पॉलीथिन देखी तो उन्हें शक हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर सीओ विजय कुमार चौधरी फोर्स के साथ पहुंचे और पॉलीथिन खुलवायी तो अंदर महिला के कटे हुए हाथ मिले। यह देखकर सब दंग रह गए। बाकी धड़ गायब था।
इसके बाद पुलिस की तीन टीमों को जांच में लगाया गया। अलग-अलग थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालनी शुरू कर दी। इसी दौरान देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बाइक से रामनगर ब्लॉक गेट की तरफ काले रंग की बड़ी पॉलीथिन लेकर निकला है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन वो भागने लगा। खुद को घिरा देख उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और वो घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ कर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में प्रयोग किए चाकू, गड़ासा, एक .32 बोर की पिस्टल, कारतूस, महिला के कटे हुए पैर और बाइक व महिला का मोबाइल बरामद किया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।