खेत से लौटते समय हुआ हादसा, पचास मीटर तक घसीटा, तीन लोग घायल
एटा। थाना रिजोर क्षेत्र में बुधवार देर रात युवक अपने खेत से घर वापस आ रहा था। तभी दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास तेज रफ्तार ईको कार ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मारी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक कार के साथ करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया, जिससे 25 वर्षीय प्रदीप कुमार की मौत हो गई। कार में सवार दो महिलाओं समेत तीन लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मृतक की पहचान प्रदीप कुमार (25) पुत्र कप्तान सिंह निवासी अवंतीबाई नगर थाना कोतवाली नगर (एटा) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि प्रदीप बुधवार रात करीब 8 बजे गांव नीनावली स्थित अपने खेत से काम कराकर बाइक द्वारा वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान रिजोर क्षेत्र में पीछे से आ रही एक अनियंत्रित ईको कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभी रुप से घायल हो गया।
राहगीरों ने घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में ईको कार सवार सुशील (19) पुत्र दिहाएं चंद्र, सरोज (50) पत्नी अशोक और सुशीला (20) पत्नी सुशील निवासी गोधना थाना घिरोर के थे। बताया गया कि सभी लोग वृंदावन में अपनी भांजी के नामकरण समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। टक्कर के बाद ईको कार अनियंत्रित हो गई, जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद ईको कार का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की जांच शुरू कर दी गई है।