सस्ता होटल दिलाने का झांसा देकर साथ ले गया था, मुठभेड़ में पकड़ा
अलीगढ़। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के एक होटल में बुधवार को रात करीब 12 बजे महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने महिला को सस्ता होटल दिलाने का झांसा देकर कमरे में पहुंचाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के चार घंटे बाद गुरुवार तड़के चार बजे पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला देर रात रुकने के लिए होटल तलाश रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक ई-रिक्शा चालक से हुई। महिला ने उससे सस्ते और सुरक्षित होटल के बारे में पूछा तो उसने कम किराए में कमरा दिलाने की बात कहकर उसे बन्नादेवी क्षेत्र के नीलकंठ होटल ले गया।
आरोप है कि होटल में कमरा दिलाने के बाद आरोपी किराया लेने के बहाने कमरे में गया और जबरन अंदर से दरवाजा बंद कर महिला से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर बन्नादेवी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। एसपी सिटी आदित्य बंसल के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीम गठित की गई। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की पहचान थाना क्वारसी क्षेत्र के नगला पटवारी निवासी सुभान के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इस दौरान उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने वारदात और मुठभेड़ स्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।