1.42 करोड़ के ड्रग्स और 5 लाख की ड्रग मनी जब्त
गाजियाबाद। पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) मेरठ ने मंगलवार दोपहर एक संयुक्त अभियान में करोड़ों रुपये के ड्रग्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.42 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, 5 लाख रुपये की ड्रग मनी, एक कार और तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट के ह्यआॅपरेशन प्रहारह्ण अभियान के तहत थाना नंदग्राम क्षेत्र में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक ड्रग्स की बड़ी खेप लेकर आने वाला है। इस सूचना के आधार पर मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे आशियाना चौक के पास संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। यहां से 32 वर्षीय नितिन यादव को गिरफ्तार किया गया। नितिन मूल रूप से इटावा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में राजनगर एक्सटेंशन में किराये पर रहता था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम इंदिरापुरम के शक्ति खंड स्थित एक फ्लैट पर पहुंची। तलाशी के दौरान फ्लैट से भारी मात्रा में ड्रग्स और तस्करी से संबंधित अन्य सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में नितिन यादव ने बताया कि वह लंबे समय से ड्रग्स तस्करी में शामिल था। वह दिल्ली के जल विहार इलाके से ड्रग्स खरीदकर गाजियाबाद लाता था। यहां फ्लैट में ड्रग्स की पैकिंग कर उन्हें अलग-अलग ग्राहकों तक पहुंचाया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम भी इसी फ्लैट में रखी जाती थी।
आरोपी ने यह भी बताया कि उसका एक साथी सुबह और शाम फ्लैट पर आकर माल ले जाता था। दिनभर की बिक्री का हिसाब भी वहीं होता था। पुलिस अब फरार साथी की तलाश कर रही है।
बरामद मादक पदार्थों में एमडीएमए, ओजी, विभिन्न प्रकार के ड्रग्स और चरस शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस ने एक मारुति ब्रेजा कार, छह मोबाइल फोन, चार इलेक्ट्रॉनिक कांटे, एक पैकिंग मशीन, पैकिंग सामग्री, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, 10 बैंक कार्ड और 5 लाख रुपये नकद ड्रग मनी भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी नितिन यादव के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और फरार साथियों की तलाश में जुटी है।