स्ट्रीट लाइट में उतर रहे करंट की चपेट में आया, बचाने प्रयास में बहन भी झुलसी
गोंडा। मंगलवार सुबह स्ट्रीट लाइट में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने के प्रयास में उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय के सामने उस समय हुआ, जब दोनों हल्की बारिश से बचने के लिए स्ट्रीट लाइट के पास खड़े थे।
मृतक की पहचान बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र के बगड़वा गांव निवासी 24 वर्षीय विमल पुत्र श्रीकांत के रूप में हुई है। वह अपनी 20 वर्षीय बहन प्राची को बीएड की अंतिम परीक्षा दिलाने के लिए गोंडा आया था। मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय पहुंचे थे।
महाविद्यालय के सामने बने मॉडल वेंडिंग जोन के पास नगर पालिका की एक स्ट्रीट लाइट में करंट उतर रहा था। हल्की बारिश के चलते विमल, प्राची और कुछ अन्य लोग उसी के पास खड़े होकर बारिश से बच रहे थे। इसी दौरान विमल करंट की चपेट में आ गया। भाई को बचाने के प्रयास में प्राची भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हो गई है, जबकि उसकी बहन घायल है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।