ड्राइवर केबिन में फंसा, पुलिस ने रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा
अमेठी। तेज रफ्तार ट्रक हादसे का शिकार हो गया। गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में सुल्तानपुर-अमेठी रोड पर हनुमान तिराहे के पास एक अनियंत्रित ट्रक पीडब्ल्यूडी के साइन बोर्ड से टकरा गया। इस दुर्घटना में ट्रक का ड्राइवर केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सुबह हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ड्राइवर केबिन में ही फंस गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गौरीगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक में फंसे ड्राइवर को बाहर निकाला। घायल ड्राइवर को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह ड्राइवर को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। ट्रक पर गिट्टी लदी थी और वह सुल्तानपुर की तरफ जा रहा था। गनीमत रही कि हादसे के वक्त सड़क पर अन्य वाहन नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।