डिग्री कॉलेज के पास सड़क किनारे मिला, पुलिस जांच में जुटी
एटा। मलावन थाना क्षेत्र में छचैना स्थित चौधरी बदन सिंह महाविद्यालय के समीप सड़क किनारे एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। स्थानीय लोगों ने सुबह शव पड़ा देखकर मलावन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचनामा की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। मृतक की पहचान उसकी जेब में मिले आधार कार्ड के जरिए हुई।
मृतक की पहचान मानिकपुर निवासी महेश चंद्र (40 वर्ष) पुत्र मोतीलाल के रूप में हुई है, जो कबाड़ का काम करता था। परिजनों के अनुसार, महेश हर रोज की तरह घर से निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, जिसके बाद सुबह उसका शव मिला। सूचना मिलने पर परिजन एटा स्थित मोर्चरी पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि महेश कबाड़ का काम करता था और अक्सर शराब पीता था। उन्होंने यह भी बताया कि शव के मुंह से झाग निकल रहा था। मलावन थाना प्रभारी आरके सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।