आॅल्टो में फंसकर घिसटती चली गई बाइक, शादी समारोह से लौट रहे थे
ललितपुर। पूरा कलां-हंसार मार्ग पर रविवार रात एक आॅल्टो कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आपस में दूर के रिश्ते में मामा-भांजे लगते थे।
थाना बार अंतर्गत ग्राम लडवारी निवासी 55 वर्षीय महेंद्र सिंह उर्फ गब्बू राजा अपने दूर के रिश्ते के मामा, तालबेहट कोतवाली के ग्राम पिपरई निवासी 55 वर्षीय शिशुपाल सिंह पुत्र सूरज सिंह के साथ शादी समारोह में ग्राम पूरा कलां गए थे।
शादी समारोह से बाइक से घर लौटते समय, जब वे विजयपुरा और हंसार कलां के मध्य बरुआ नाले के पास पहुंचे, तभी तेज गति से आ रही ‘प्रधान’ लिखी एक आॅल्टो कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया।
रात करीब एक बजे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने दोनों युवकों को सड़क पर पड़ा देखा। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक महेंद्र सिंह उर्फ गब्बू राजा तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थे और किसानी का कार्य करते थे।
वहीं, मृतक शिशुपाल सिंह छह भाइयों और एक बहन में से थे, उनके चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। वे भी खेती-किसानी का काम करते थे। पूराकलां थाने में तैनात उपनिरीक्षक सत्यदेव पाठक ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।