एक घायल, दो गिरफ्तार, अवैध हथियार और बाइक बरामद
बुलंदशहर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना अरनिया पुलिस और स्वाट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह मुठभेड़ शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे क्यौली किनुआ अंडरपास पर हुई। अरनिया पुलिस और स्वाट टीम देहात वहां संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो वे रुके नहीं और बाइक मोड़कर चंडौस की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने तुरंत उनका पीछा किया। बम्बे की पटरी के पास कच्चे रास्ते पर बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उसके साथी के साथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान तालिब पुत्र रशीद और जबरशेर पुत्र फकीर मोहम्मद के रूप में हुई है। ये दोनों शेरपुर बांगर, थाना अनूपशहर, बुलंदशहर के रहने वाले हैं। मुठभेड़ में तालिब घायल हुआ है।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। घायल बदमाश तालिब के खिलाफ बुलंदशहर और अलीगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी सहित 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके साथी जबरशेर के खिलाफ भी गैंगस्टर एक्ट और चोरी सहित 10 मामले दर्ज हैं। बदमाशों के पास से अवैध हथियार, चोरी का कॉपर तार और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई है।