किठौर रोड पर हुआ हादसा, देर रात अपने गांव की ओर लौट रहा था
हापुड़। देहात थाना क्षेत्र में मेरठ रोड पर किठौर रोड कट के पास एक अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में अहमदनगर दादरी निवासी देवेंद्र (लगभग 50 वर्ष) की मौत हो गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
जानकारी के अनुसार, देवेंद्र गांव असौड़ा में एक हलवाई के यहां काम करते थे। बुधवार देर शाम वे अपना काम खत्म करने के बाद अपनी बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब वे मेरठ रोड पर किठौर कट के पास एक मदरसे के सामने पहुंचे, तो पीछे से आ रही एक अनियंत्रित रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से देवेंद्र सड़क पर गिर गए और बस उनके दोनों पैरों को कुचलते हुए आगे निकल गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। देवेंद्र को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, घटनास्थल पर ही हुए अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि पुलिस रोडवेज बस के चालक की तलाश कर रही है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।