सुबह शौच के लिए जा रहे थे बुजुर्ग, नेशनल हाईवे के पास हुआ हादसा
अमेठी। आज सुबह शौच के लिए जा रहे एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ियावा गांव में हुई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान लोढ़ियावा गांव निवासी हीरालाल द्विवेदी (70) के रूप में हुई है। वह सुबह करीब 5:30 बजे खेतों की ओर शौच के लिए जा रहे थे। नेशनल हाईवे के पास पहुंचने पर पीछे से आए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग को जगदीशपुर ट्रामा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने हीरालाल द्विवेदी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के भतीजे जितेंद्र कुमार द्विवेदी ने 112 पर घटना की सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भतीजे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।