नेपाल बॉर्डर इलाके से एसटीएफ ने किया अरेस्ट
कोलकाता। फालता से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। तृणमूल कांग्रेस नेता जहांगीर खान को राज्य पुलिस की एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। उन्हें आज सुबह नेपाल बॉर्डर इलाके से गिरफ्तार किया गया है। काफी दिनों से फरार रहने के बाद जहांगीर खान को गिरफ्तार किया गया है।
बंगाल के चुनावी नतीजे आने के बाद से जहांगीर फरार था। उसकी तलाश जारी थी। आखिरकार आज एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। चुनाव से पहले एसआईआर के समय से ही जहांगीर खान पर कई आरोप लगे थे। उन पर बीएलओ को प्रभावित करने और मृतकों के नाम सूची में जोड़ने का आरोप था।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने स्वयं उनके खिलाफ आवाज उठाई थी। इसके बाद चुनाव से पहले इलाके में धमकाने के आरोप भी लगे। आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुठभेड़ विशेषज्ञ अजय पाल शर्मा को विशेष पर्यवेक्षक के रूप में डुंडी पुलिस स्टेशन भेजा था।
फालता विधानसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान क्षेत्र में कई धांधलियां सामने आईं थी। वोटिंग के बीच ही कई ईवीएम पर सेलोटेप चिपका दिए गए थे। इसका आरोप जहांगीर पर लगा था। इसके बाद ही चुनाव आयोग ने फालता में दोबारा चुनाव की घोषणा की थी।
बंगाल में 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद 21 मई तक जहांगीर पूरी तरह से ‘गायब’ हो चुका था। उसने चुनाव से ठीक दो दिन पहले अपना नाम वापस ले लिया था। तब से वह फरार था।
जहांगीर खान ने कोर्ट से सुरक्षा मांगी थी, लेकिन राज्य ने भी उस सुरक्षा को वापस लेने के लिए आवेदन दिया था। इन सब उथल-पुथल के बाद जहांगीर खान ने नेपाल के रास्ते विदेश भागने की योजना बनाई थी। वह इस योजना में भी विफल रहा।