घर में मिले खून के छींटे, हत्या की आशंका पर जांच शुरू
बस्ती। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर में खून के छींटे मिलने के बाद घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अनूप चौधरी (30) का विवाह 12 फरवरी को हुआ था। मामला सोनहा थाना क्षेत्र के बसडिलिया गांव का है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ रुधौली थाना क्षेत्र के मुंगरहा गांव में आयोजित अपने ससुर के ब्रह्भोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद देर रात दोनों घर लौट आए।
बताया जा रहा है कि घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हुआ। इसके कुछ समय बाद अनूप चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले को लेकर गांव में तरह-तरह की चचार्एं हो रही हैं। हालांकि परिजन फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं, लेकिन घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर में खून के छींटे पाए गए, जिन्हें फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य के रूप में संकलित किया है। पुलिस ने मौके से अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी जुटाए हैं।
थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि युवक की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।