महिला के विरोध करने पर चाकू से हमला, तीन फीट जमीन को लेकर चाचा से था विवाद
लखीमपुरखीरी। तीन फीट जमीन के विवाद में दो चाचा ने मिलकर मां के सामने मासूम बेटे की गला रेतकर हत्या की। पास में सो रही मां के विरोध करने पर चाकू से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। शोर करने पर मारपीट करते हुए फरार हो गए।
गुरुवार देर रात घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस घायल महिला का अस्पताल में भर्ती कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर 2 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। मामला निघासन कोतवाली क्षेत्र के तारा नगर गांव का है।
तारा नगर गांव निवासी ज्ञानवती का देवरों से आबादी की करीब तीन फीट जमीन को लेकर पिछले करीब 15 दिनों से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात ज्ञानवती अपने 8 वर्षीय बेटे रवि के साथ घर में सो रही थीं। पास में उनकी सास जयश्री भी मौजूद थीं।
देर रात करीब 1:45 बजे ज्ञानवती को घर में किसी के होने की आहट हुई। जिससे महिला की नींद खुली। उन्होंने टॉर्च जलाकर देखा। तो बेटे के पास चचेरे देवर सियाराम और हरेराम खड़े थे। इस दौरान जब तक महिला कुछ समझ पाती, तब तक महिला को एक युवक ने पकड़ लिया। दूसरे युवक ने बेटे के गले पर चाकू से वार दिया दिया। जिससे बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महिला पर भी चाकू से हमला करके घायल कर दिया। वहीं मारपीट करते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ज्ञानवती का आरोप है कि सियाराम ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया, जबकि हरेराम ने उनके बेटे रवि पर चाकू से हमला कर दिया। बच्चे का गला रेत दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब ज्ञानवती ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर भी चाकू से कई वार किए। हमले में उनकी गर्दन और दाहिना हाथ घायल हो गया।
घटना के दौरान उनके कपड़े भी फट गए। परिजन घायल मां-बेटे को एंबुलेंस से अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में रवि ने दम तोड़ दिया। मासूम की हत्या की सूचना पर निघासन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, परिवार के बीच आबादी की जमीन को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ था। मृतक बच्चे के पिता रामप्रसाद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। इसी कारण जमीन को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा था।
सीओ शिवम कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बच्चे की चाकू से गला रेतकर हत्या की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर हरे राम और सियाराम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।