दिल्ली. मालवीय नगर अग्निकांड मामले में जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि होटल की छत का कमरा बाहर से बंद कर दिया गया था, जिसके चलते लोग छत पर जाने की बजाय खिड़कियों से बाहर कूदने लगे थे। साथ ही, होटल मालिक लवकेश बजाज भी हादसा होते ही मौके से फरार हो गया था। इस बीच, साकेत कोर्ट ने आरोपी लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है, जहां उससे अग्निकांड के बारे में पूछताछ की जाएगी।
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, होटल मालिक लवकेश बजाज से पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि लवकेश बजाज हादसा होते ही मौके से फरार हो गया था। डर की वजह से मौके से भाग गया था। लवकेश बजाज अपने घर भी नहीं गया और सड़कों पर घूमता रहा।
पूछताछ में आरोपी लवकेश बजाज ने खुलासा किया कि उसने 3 साल पहले अहलूवालिया नाम की एक पार्टी से ये बिल्डिंग ली थी और उसमें होटल कम गेस्ट हाउस चला रहा था। पहले यहां खादी की शॉप थी, ये भी लवकेश बजाज ने बताया है। जब ये बिल्डिंग ली गई थी तब उस वक्त ये काफी जर्जर थी।
पूछताछ में लवकेश बजाज ये भी दावा कर रहा है कि उसने बेड एंड ब्रेकफास्ट, टूरिस्ट, रेस्टोरेंट की परमिशन ली थी लेकिन दिल्ली पुलिस उसके इन दावों की जांच कर रही है। आज दोपहर लवकेश बजाज को साकेत कोर्ट में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उसकी रिमांड मांगी, इसपर साकेत कोर्ट ने मंजूरी दे दी। कोर्ट ने लवकेश बजाज को 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया।