– सब्जियां कम दामों में बेचने को मजबूर व्यापारी, आंदोलन की चेतावनी।
शारदा रिपोर्टर मेरठ। सरधना तहसील क्षेत्र की नवीन मंडी का गेट नंबर-1 लगातार दूसरे दिन भी बंद रहा। इससे मंडी में ठेले लगाने वाले व्यापारियों और आढ़तियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि गेट बंद होने से किसानों और खरीददारों की संख्या कम हो गई है, जिसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है।

आढ़तियों के मुताबिक, गेट बंद होने से बाहर से आने वाले खरीददारों को परेशानी हो रही है। मंडी में ग्राहकों की आवाजाही घटने से सब्जियों की बिक्री में भारी गिरावट आई है। मंडी में माल भरपूर मात्रा में पहुंच रहा है, लेकिन खरीददार कम होने की वजह से उन्हें सब्जियां औने-पौने दामों में बेचनी पड़ रही हैं। उनका कहना है कि जो सब्जी पहले 30 रुपये किलो बिक रही थी, उसे अब मजबूरी में 10 रुपये किलो तक बेचना पड़ रहा है।
ठेला और रेहड़ी लगाने वाले व्यापारियों ने भी मंडी समिति के फैसले का विरोध किया है। उनका कहना है कि गेट बंद होने से छोटे कारोबारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द गेट नंबर-1 खुलवाने की मांग की है। वहीं मंडी समिति के अधिकारियों का कहना है कि व्यवस्था बनाए रखने और अवैध अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से गेट नंबर-1 बंद किया गया है। हालांकि व्यापारियों का आरोप है कि इस फैसले का नुकसान वैध कारोबार करने वालों को उठाना पड़ रहा है।
मंडी में लगातार घटते कारोबार को लेकर आढ़तियों और व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल मंडी का गेट नंबर-2 खुला है, जिससे आवागमन जारी है।

