– दौरे को बताया -सकारात्मक और सार्थक।
नई दिल्ली। पीएम मोदी स्वीडन यात्रा संपन्न कर नॉर्वे रवाना हुए। पीएम ने इस दौरे को अत्यंत फलदायी बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर स्वीडन में मिले सम्मान और दौरे की उपलब्धियों को दशार्ता वीडियो क्लिप भी साझा किया और स्वीडिश जनता और प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन का आभार जताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, स्वीडन की मेरी यात्रा कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ संपन्न हुई, जो भारत-स्वीडन संबंधों को नई गति प्रदान करेंगी। पीएम मोदी ने आगे कहा, हमारे संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने, संयुक्त नवाचार साझेदारी 2.0 और भारत-स्वीडन प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता कॉरिडोर की शुरूआत करने से लेकर अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य तक — हमारी चचार्एं अत्यंत सकारात्मक और सार्थक रहीं।

प्रधानमंत्री ने स्वीडन की जनता, स्वीडन सरकार और प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन को उनके स्नेह, गर्मजोशी और मित्रता के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। वीडियो क्लिप में प्रधानमंत्री के विमान को एस्कॉर्ट करते स्वीडिश फाइटर जेट्स, रॉयल आॅर्डर आॅफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस सम्मान, और गोथेनबर्ग में आयोजित यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री (ईआरटी) का संबोधन जैसे अहम पलों की झलकियां हैं।
यूरोपियन राउंड टेबल फॉर इंडस्ट्री को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच साझेदारी केवल आर्थिक आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह साझा मूल्यों, लोकतंत्र और विविधता द्वारा निर्देशित है। स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उसुर्ला लेयेन, यूरोप के उद्योग जगत के शीर्ष नेतृत्व और प्रमुख यूरोपीय तथा भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वोल्वो ग्रुप की ओर से आयोजित इस संवाद में भाग लिया।
इससे पहले पीएम मोदी को ‘रॉयल आॅर्डर आॅफ पोलर स्टार कमांडर ग्रैंड क्रॉस से नवाजा गया। यह किसी भी देश के प्रधानमंत्री या सरकार प्रमुख को दिया जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च सम्मान है। गोथेनबर्ग रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी को इससे सम्मानित किया गया। इस मौके पर स्वीडन के प्रधानमंत्री समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह पीएम मोदी को मिलने वाला 31वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।


