– 15 अप्रैल तक जॉइनिंग के आदेश।
UP News: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2026 की वार्षिक ट्रांसफर सूची जारी करते हुए 711 न्यायिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है. सभी अधिकारियों को 15 अप्रैल तक नई तैनाती पर जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश में न्यायिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़े पैमाने पर न्यायिक अधिकारियों के तबादले किए हैं। वर्ष 2026 के लिए जारी की गई एनुअल ट्रांसफर लिस्ट में कुल 711 जजों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है। यह राज्य स्तर पर होने वाले सबसे बड़े वार्षिक प्रशासनिक फेरबदल में से एक माना जा रहा है।

किन-किन श्रेणियों के जजों का हुआ ट्रांसफर: हाईकोर्ट की ओर से जारी सूची के अनुसार, इस बार 266 एडिशनल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज (ADJ), 169 सिविल जज (सीनियर डिवीजन) और 276 सिविल जज (जूनियर डिवीजन) रैंक के न्यायिक अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है। ये तबादले जिला अदालतों में लंबित मामलों के निस्तारण को गति देने और न्यायिक कार्यप्रणाली को संतुलित रखने के उद्देश्य से किए गए हैं।
चीफ जस्टिस के आदेश पर जारी हुई सूची: इन सभी तबादलों को हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अरुण भंसाली की स्वीकृति के बाद लागू किया गया है। वहीं, मनजीत सिंह श्योराण की ओर से रविवार देर शाम न्यायिक अधिकारियों के ट्रांसफर से संबंधित कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum) जारी किया गया, जिसके बाद यह सूची सार्वजनिक की गई।
15 अप्रैल तक नई तैनाती पर जॉइनिंग जरूरी: जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिन-जिन न्यायिक अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें 15 अप्रैल 2026 की दोपहर तक अपना वर्तमान कार्यभार संबंधित अधिकारियों को सौंपना होगा और इसके तुरंत बाद अपनी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। इसके लिए विस्तृत और औपचारिक नोटिफिकेशन भी जल्द ही जारी किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की प्रशासनिक दिक्कत न हो।
जिलेवार लिस्ट वेबसाइट पर उपलब्ध: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस ट्रांसफर से जुड़ी जिलेवार सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है, जहां से संबंधित न्यायिक अधिकारी अपने-अपने स्थानांतरण की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। यह एक नियमित वार्षिक प्रक्रिया है, जिसमें प्रदेश के लगभग हर जिले के न्यायिक अधिकारी शामिल होते हैं, जिससे पूरे राज्य में न्यायिक कार्यप्रणाली का संतुलन बनाए रखा जा सके।
अहम पदों पर भी हुए बदलाव: इस बार की ट्रांसफर सूची में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर भी बदलाव किए गए हैं। अपर निदेशक, जेटीआरआई (JTRI), लखनऊ में तैनात श्रीमती शिखा श्रीवास्तव को अलीगढ़ में वाणिज्यिक कर न्यायाधिकरण का न्यायिक सदस्य बनाया गया है। इसी तरह, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज में संयुक्त सचिव (विधि) के पद पर कार्यरत फर्रुख इनाम सिद्दीकी को हरदोई स्थानांतरित किया गया है।
रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारियों में भी फेरबदल: इसके अलावा, इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से जुड़े कई रजिस्ट्रार स्तर के अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। इनमें रजिस्ट्रार (जे) (लेखा) के पद पर कार्यरत नितेंद्र कुमार को लखनऊ, प्रशांत बिलगैयां को रजिस्ट्रार (जे) (क्रिमिनल) से लखनऊ, अवनीश कुमार पांडे को रजिस्ट्रार (जे) (नजारत) से गाजियाबाद, मयूर जैन को रजिस्ट्रार लिस्टिंग से गौतमबुद्ध नगर और ज्वाइंट रजिस्ट्रार (इंस्पेक्शन) संदीप चौधरी को गौतमबुद्ध नगर भेजा गया है।

