Homeउत्तर प्रदेशLucknowलखनऊ: यूपी बार काउंसिल चुनाव का दूसरा दिन, आज 2001 से 2010...

लखनऊ: यूपी बार काउंसिल चुनाव का दूसरा दिन, आज 2001 से 2010 तक के वकील डाल रहे हैं वोट

-

– चुनाव में पहले दिन 73% वोट पड़े, कल पूरा होगा मतदान।

लखनऊ। यूपी बार काउंसिल के सदस्य पद चुनाव में बुधवार को पहले दिन 73% वोट पड़े। इसमें सन् 1962 से 2000 तक के रजिस्टर्ड वकीलों ने मतदान किया। आज गुरुवार को दूसरे दिन 2001 से 2010 तक के रजिस्टर्ड वकील वोट डाल रहे हैं। यह प्रक्रिया लखनऊ स्थित हाईकोर्ट परिसर में चल रही है। कल यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

 

 

पहले दिन गहमागहमी और के बीच अधिवक्ता मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 5459 मतदाताओं में से 3986 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गुरुवार को कुल 5663 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हाईकोर्ट परिसर में मतदान सुबह 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक चलेगा।

मतदान के पहले दिन हाईकोर्ट परिसर और उसके आसपास पूरे दिन गहमागहमी का माहौल रहा। कई प्रत्याशियों के समर्थक अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए। हालांकि मतदान केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के प्रचार पर पूरी तरह प्रतिबंध रखा गया था।

मतदान के दौरान केवल उन्हीं अधिवक्ताओं को मतदान स्थल में प्रवेश दिया गया जिनके पास बार काउंसिल का पहचान पत्र और सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस (सीओपी) मौजूद था। यूपी बार काउंसिल के सचिव राम किशोर गुप्ता ने बताया कि अनधिकृत अधिवक्ताओं को मतदान स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

यूपी बार काउंसिल का चुनाव पहले 27 और 28 जनवरी को प्रस्तावित था, लेकिन उस दौरान अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी थी। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत लखनऊ जिले में 11 से 15 मार्च के बीच मतदान कराया जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मतदान पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि लखनऊ में करीब 26 हजार अधिवक्ता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

प्रदेश स्तर पर होने वाले इस चुनाव में सदस्य पद के लिए कुल 333 अधिवक्ताओं ने नामांकन किया था। हालांकि, दो प्रत्याशियों के निधन के बाद अब 331 उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में रह गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर काफी उत्साह और सक्रियता देखने को मिल रही है।

हाईकोर्ट परिसर में मतदान के लिए कुल 20 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान स्थल के आसपास बैरिकेडिंग भी की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।

निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, पोस्टर, बैनर, पर्चे या किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है।
इसके अलावा मतदान स्थल के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया है।

मतदान प्रक्रिया वरीयता क्रम के आधार पर कराई जा रही है। प्रत्येक मतदाता अधिकतम 25 प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर सकता है। मतदाता अपने सीरियल नंबर के अनुसार निर्धारित बूथ पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अधिवक्ताओं में उत्साह के साथ-साथ अनुशासन भी देखने को मिल रहा है।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts