HomeCRIME NEWSLucknow Murder: मां-बेटे की घर में घुसकर हत्या, पुलिस की चार टीमें...

Lucknow Murder: मां-बेटे की घर में घुसकर हत्या, पुलिस की चार टीमें गठित

-

– नेत्रहीन बेटे को पानी के हौदे में डुबोकर मारा, महिला का शव कपड़े में लपेटा मिला।

लखनऊ। मां-बेटे की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। 18 साल का बेटा नेत्रहीन था। मां गुमटी में परचून की दुकान चलाकर उसका पालन-पोषण कर रही थी। हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची तो देखा कि बेटे को पानी के हौदे में डुबोकर मारा गया है। उसकी डेडबॉडी के ऊपर दूसरा हौदा रख दिया गया था। वहीं, मां का शव कमरे में बिस्तर पर कपड़े में लपेटा पड़ा था।

 

 

घटना मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के सिसेंडी कस्बे में सोमवार देर रात की है। कस्बे के मिनी सचिवालय के पास दोनों रहते थे। मृतकों की पहचान रेशमा (45) और शादाब (18) के रूप में हुई। रेशमा ने दो निकाह किए थे। दोनों सौहरों की मौत हो चुकी है। मां-बेटे ही घर में रहते थे। बेटा नेत्रहीन होने के चलते कोई काम नहीं करता था, मां ही घरखर्च चला रही थी।

मोहनलालगंज के सिसेंडी कस्बा स्थित मिनी सचिवालय के पास रेशमा अपने नेत्रहीन बेटे शादाब के साथ रहती थीं। महिला के पहले पति जावेद की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने सिसेंडी के रहने वाले इकबाल से निकाह कर लिया था। कुछ साल पहले इकबाल की मौत हो गई। इसके बाद रेशमा घर के पास ही परचून की दुकान चलाकर नेत्रहीन बेटे का पालन-पोषण कर रही थी।

पुलिस ने बताया- रात दस बजे सूचना मिली कि सिसेंडी कस्बे में मां-बेटी की हत्या हो गई है। घटनास्थल पर नेत्रहीन लड़के का शव हौदे के पानी में पड़ा मिला। महिला की लाश कमरे में मिली है। दोनों के गले में कपड़ा बंधा था। आशंका है कि गला कसकर हत्या की गई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

औरंगाबाद के रहने वाले रिश्तेदार शब्बू ने बताया- शाम 7:30 बजे शादाब से बात हुई थी। हालचाल लेने के बाद रेशमा के बारे में पूछा तो उसने बताया कि बाहर मसाला लेने गई हैं। इसके बाद उसने कहा कि दरवाजे पर कोई लात मार रहा है। मैंने उसे दरवाजा पर जाकर पता करने के लिए बोला। दरवाजा खुलने की आवाज आई। इसके बाद फोन कट गया।

दोबारा मिलाया तो फोन स्विच ऑफ आने लगा। लगा किसी कारण से फोन बंद हो गया होगा। रात 9:30 बजे तक शादाब का मोबाइल ऑन नहीं हुआ तो पास के रहने वाले मनीष को घर भेजा। उसने आकर बताया कि दरवाजा अंदर से बंद है। इस पर पास में रहने वाली सकीना को भेजा तो घटना की जानकारी हुई।

रेशमा की बहन अफसाना ने बताया- घटना की सूचना मिलने के बाद बहन के घर पहुंची तो देखा शादाब जानवर को खाना देने वाली नांद में पड़ा था। रेशमा कमरे में बंधी पड़ी थी। रेशमा के साथ कुछ गलत हुआ है।

रेशमा के तीन बच्चे थे। सोहेल, शबनम और शादाब। सोहेल और शबनम की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में शादाब ही बचा था। दोनों पतियों का भी इंतकाल हो चुका है।

चार टीमें कर रही हत्याकांड की जांच-

एडीसीपी आरपी वसंथ कुमार ने बताया- हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। रेप की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों के गले पर कसने के निशान मिले हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के सही कारणों का पता चल सकेगा।

Related articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

4,000,000FansLike
100,000SubscribersSubscribe

Latest posts