शारदा एक्सप्रेस रिपोर्टर मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सरधना-मेरठ करनाल हाईवे स्थित जेंबो रेस्टोरेंट पर सोमवार देर रात मारपीट की घटना ने सनसनी फैला दी। बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने काउंटर पर ड्यूटी कर रहे कर्मचारी के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

बताया जा रहा है कि न्यू गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी अभिषेक रेस्टोरेंट के बाहर काउंटर संभाल रहा था। इसी दौरान तीन युवक बाइक पर सवार होकर वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि युवकों ने अभिषेक को लात-घूंसों से पीटा और बेल्ट से भी वार किए।
जब अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो हमलावर उनसे भी उलझ पड़े। कुछ देर तक रेस्टोरेंट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हाईवे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

